डेगाना। भारतीय जनता पार्टी द्वारा राजस्थान से राज्यसभा सांसद पद के लिए राष्ट्रीय सचिव एवं बांदीकुई की पूर्व विधायक डॉ. अल्का गुर्जर को प्रत्याशी बनाए जाने पर डेगाना विधानसभा क्षेत्र सहित गुर्जर समाज में खुशी का माहौल है। पार्टी के इस निर्णय का स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं और समाज के लोगों ने स्वागत करते हुए इसे समाज के लिए गौरव का विषय बताया। भाजपा ओबीसी मोर्चा जिला मंत्री जसाराम गुर्जर एवं भाजपा थांवला मंडल कोषाध्यक्ष गोपाल गुर्जर ने डॉ. अल्का गुर्जर को दूरभाष पर शुभकामनाएं एवं बधाई दी।
जसाराम गुर्जर ने कहा कि भाजपा नेतृत्व ने डॉ. अल्का गुर्जर जैसी अनुभवी एवं समर्पित महिला नेता को राज्यसभा के लिए प्रत्याशी बनाकर महिलाओं तथा पिछड़े वर्गों के नेतृत्व को मजबूत करने का कार्य किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि डॉ. अल्का गुर्जर राज्यसभा में राजस्थान की जनता की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाएंगी तथा प्रदेश के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से रखेंगे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए इस निर्णय को ऐतिहासिक बताया।
इस अवसर पर कोऑपरेटिव अध्यक्ष देवाराम गुर्जर, सम्पत गुर्जर, लक्ष्मण गुर्जर, देवराज गुर्जर, किशोर गुर्जर (चुई) सहित कई युवाओं एवं समाज के गणमान्य लोगों ने खुशी जाहिर की। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और शुभकामनाएं देकर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की।
गुर्जर समाज के लोगों का कहना है कि डॉ. अल्का गुर्जर को राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने से समाज को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक प्रतिनिधित्व मिलेगा।
