थांवला कस्बे की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को सुधारने और मुख्य बाजार क्षेत्र में बढ़ती अव्यवस्था पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन और ग्राम पंचायत ने सख्ती दिखाना शुरू दिया है। अब सड़क किनारे निर्धारित पीली पट्टी (येलो लाइन) के बाहर वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में गुरुवार को ग्राम पंचायत द्वारा टेंपो के माध्यम से कस्बे के मुख्य मार्गों पर माइक से घोषणा कर आमजन को जागरूक किया जा रहा है।

घोषणा में वाहन चालकों, ई-रिक्शा संचालकों, ठेला संचालकों और व्यापारियों से अपील की जा रही है कि वे अपने वाहन और ठेले केवल पीली पट्टी के भीतर ही खड़े करें। यदि कोई व्यक्ति निर्धारित सीमा के बाहर वाहन खड़ा करता पाया गया तो उसके खिलाफ पुलिस द्वारा मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार मुख्य बाजार और प्रमुख मार्गों पर अनियंत्रित पार्किंग के कारण आए दिन यातायात बाधित होता है। सड़क के दोनों ओर बेतरतीब खड़े दुपहिया वाहन, रिक्शा और ठेले राहगीरों के साथ-साथ अन्य वाहन चालकों के लिए भी परेशानी का कारण बन रहे हैं। कई बार बाजार क्षेत्र में लंबे समय तक जाम लगा रहता है , जिससे आमजन को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है।
प्रशासन का कहना है कि अभियान के शुरुआती चरण में लोगों को समझाइश देकर नियमों की जानकारी दी जाएगी, लेकिन इसके बावजूद नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। विशेष रूप से बाजार क्षेत्र में पुलिस और प्रशासन की निगरानी बढ़ाई जाएगी।
