संवाददाता/नितिन सिंह
रियांबड़ी उपखंड के कोड से मथानिया जाने वाले विद्युत फीडर के अंतर्गत कोडिया क्षेत्र में बुधवार दोपहर अचानक हाई वोल्टेज करंट दौड़ने से बड़ा हादसा हो गया। विक्रम सिंह राजपूत के कुएं पर बने घर के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन में करीब 3 बजे अचानक तेज करंट आने से तारों में शॉर्ट सर्किट हो गया। शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारियों ने नीचे बने छप्पर को अपनी चपेट में ले लिया और देखते ही देखते आग भड़क उठी।

जानकारी के अनुसार आग लगने से छप्पर के नीचे रखा खेती-बाड़ी का सामान जलकर राख हो गया। रघुवीर सिंह ने बताया कि आगामी बुवाई की तैयारी के लिए रखे गए 10 कट्टे मूंगफली बीज, 5 कट्टे डीएपी खाद, करीब 10 क्विंटल जीरा, इसबगोल तथा अन्य घरेलू सामान आग की भेंट चढ़ गए। वहीं पास में खड़ा ट्रैक्टर भी आग की चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गया।
आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बाल्टियों से पानी डालकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते ग्रामीणों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया, अन्यथा नुकसान और अधिक हो सकता था।
ग्रामीणों ने बताया कि अचानक हाई वोल्टेज आने से कोडिया कस्बे के कई घरों में लगे फ्रिज, कूलर, पंखे और अन्य विद्युत उपकरण भी जलकर खराब हो गए। इससे क्षेत्र में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
घटना के बाद प्रभावित परिवारों ने विद्युत विभाग से नुकसान का सर्वे कर उचित मुआवजा देने की मांग की है। ग्रामीणों में विद्युत व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी देखी जा रही है।
