थांवला। कस्बे के समीप स्थित बोर्डिंग स्कूल परिसर में गोभक्त रोहितास सिंह मेड़तिया के जन्मदिन के उपलक्ष्य में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं, ग्रामीणों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 203 यूनिट रक्तदान किया।
शिविर का शुभारंभ गोक्रांतिकारी संत श्री धीरजराम जी महाराज एवं अन्य संत-महात्माओं के सान्निध्य में दीप प्रज्वलित कर किया गया। संतों ने रक्तदान को महादान बताते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद मरीजों का जीवन बचाने में सहायक बनता है। उन्होंने समाज के युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने का आह्वान भी किया।

रक्त संग्रह के लिए अजमेर के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल तथा जनाना अस्पताल से चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की विशेष टीमें पहुंचीं। टीमों ने सभी आवश्यक चिकित्सीय मानकों का पालन करते हुए सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से रक्त संग्रह किया।
गौरक्षादल अध्यक्ष शैलेन्द्र उपाध्याय ने बताया कि गोभक्त रोहितास सिंह मेड़तिया ने अपने जन्मदिन को सेवा और मानवता के नाम समर्पित करते हुए रक्तदान शिविर आयोजित किया। इस अवसर पर आसपास के गांवों की विभिन्न टीमों, सामाजिक संगठनों, युवाओं और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा बड़ी संख्या में रक्तदान कर समाज सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
शिविर के दौरान रक्तदाताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। प्रथम बार रक्तदान करने वाले युवाओं को भी संतों एवं आयोजकों ने प्रेरित किया। सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
आयोजकों ने सफल आयोजन में सहयोग देने वाले चिकित्सकीय दल, स्वयंसेवकों, सामाजिक संगठनों और सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार जनहित एवं मानव सेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
