नागौर, 21 जुलाई। उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने मंगलवार को तेजास्थली, मारवाड़ मूंडवा स्थित वीर तेजा महिला शिक्षा एवं शोध संस्थान द्वारा संचालित वीर तेजा महिला बी.पी.एड. महाविद्यालय के नवीन भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित नवप्रवेशार्थी स्वागत समारोह ‘उमंग’ में उन्होंने छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह संस्थान बालिका शिक्षा का महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने कहा कि बेटियों को प्रत्येक क्षेत्र में समान अवसर उपलब्ध कराए जाएं तो वे समाज और राष्ट्र की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं। उन्होंने कहा कि बच्चियां देश और प्रदेश का भविष्य हैं तथा उनका वर्तमान बेहतर बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार महिला शिक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री सुमित गोदारा ने शिक्षा की शक्ति का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों से स्थानीय भाषा मारवाड़ी एवं हिन्दी के साथ-साथ अंग्रेजी भाषा का भी ज्ञान अर्जित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बी.पी.एड. महाविद्यालय से खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा तथा युवाओं को खेल एवं शारीरिक शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।

संस्थान के संरक्षक एवं राज्य किसान आयोग के अध्यक्ष सी.आर. चौधरी ने स्वर्गीय भवरसिंह डांगावास के शिक्षा क्षेत्र में दूरदर्शी योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनके संकल्प का ही परिणाम है कि आज यह संस्थान बालिका शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। उन्होंने बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने वाले सभी भामाशाहों का अभिनंदन करते हुए समाज से शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर सहयोग की अपील की।
समारोह में माधोदास मोदी, अभयमल लोढ़ा तथा दिनेश तरड़ विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने नवीन भवन के लोकार्पण पर संस्थान परिवार को बधाई देते हुए छात्राओं को मन लगाकर अध्ययन करने तथा अपने लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विधायक रेवंत राम डांगा, विधायक लक्ष्मणराम कलरू, पूर्व विधायक मोहनराम चौधरी, सुखराम नतेडिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
संस्थान की ओर से मुख्य कार्यकारी अध्यक्ष संजीव सिंह डांगावास, उपाध्यक्ष रामकिशन जिंजा, सचिव जस्साराम धोलिया, सह सचिव सम्पतराम, कोषाध्यक्ष भंवरलाल सियाग, हिम्मताराम भांबू, दौलतराम गोदारा, भंवर चोयल, गंगाराम पिचकिया, कानाराम सांगवा, गेनाराम बीडियासर तथा सीताराम टाडा सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी छात्राओं का स्वागत किया गया तथा संस्थान परिवार द्वारा अतिथियों का अभिनंदन किया गया। समारोह में जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद, अभिभावक, छात्राएं एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
—000—
