अजमेर, 11 जुलाई। अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी की नवगठित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के स्वागत एवं सम्मान समारोह का आयोजन शनिवार को कांग्रेस कार्यालय में उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। समारोह के दौरान नवनियुक्त पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया तथा संगठन को मजबूत बनाने और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया गया।कांग्रेस प्रवक्ता कमल वर्मा ने बताया कि नवगठित कार्यकारिणी में विभिन्न वर्गों, क्षेत्रों और सक्रिय कार्यकर्ताओं को प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही कांग्रेस की सबसे बड़ी पूंजी है और सभी पदाधिकारी जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कार्य करेंगे।
अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ. राजकुमार जयपाल ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह कार्यकारिणी अजमेर शहर में कांग्रेस संगठन को नई दिशा, नई ऊर्जा और नई मजबूती प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पदाधिकारी जनता की आवाज बनकर कार्य करेगा और आमजन से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनहित के लिए संघर्ष करती रही है और नई टीम इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का काम करेगी।
डॉ. जयपाल ने कहा कि संगठनात्मक ढांचे में पदों की संख्या सीमित होने के कारण हर समर्पित कार्यकर्ता को इस बार जिम्मेदारी देना संभव नहीं हो सका। उन्होंने कार्यकर्ताओं से निराश नहीं होने की अपील करते हुए कहा कि आगामी नगर निगम पार्षद चुनावों सहित संगठन के विभिन्न प्रकोष्ठों, विभागों और अन्य महत्वपूर्ण दायित्वों में उनकी सक्रियता, निष्ठा और समर्पण के आधार पर जिम्मेदारियां दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन में प्रत्येक कार्यकर्ता का सम्मान सर्वोपरि है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजस्थान पर्यटन विकास निगम (आरटीडीसी) के पूर्व अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस का संगठन जितना मजबूत होगा, जनता की आवाज उतनी ही प्रभावी ढंग से उठेगी। उन्होंने कहा कि नई कार्यकारिणी से प्रदेश नेतृत्व को काफी अपेक्षाएं हैं और सभी पदाधिकारियों को एकजुट होकर कांग्रेस की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाना होगा।
अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव महेंद्र चौधरी ने कहा कि नई कार्यकारिणी में युवा और अनुभवी कार्यकर्ताओं का संतुलित समावेश किया गया है। सभी पदाधिकारी मिलकर शहर के प्रत्येक बूथ तक संगठन को मजबूत करेंगे तथा शहरवासियों के सुख-दुख में उनके साथ खड़े रहेंगे।
दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी रह चुकीं द्रोपदी कोली ने कहा कि नई टीम में उन कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है जिन्होंने लगातार जनता के बीच रहकर संगठन के लिए काम किया है। वहीं देहात कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस की वास्तविक शक्ति उसका बूथ स्तर का कार्यकर्ता है और सभी पदाधिकारियों को समन्वय, अनुशासन और समर्पण के साथ कार्य करना चाहिए।इस अवसर पर द्रोपदी कोली, भूपेंद्र सिंह राठौड़, रामचंद्र चौधरी, महेंद्र चौधरी, सैयद फखरे मोइन, अमित गर्ग, कमल वर्मा, विवेक पाराशर, नौरत गुर्जर, गजेंद्र सिंह रलावता, नवीन कच्छावा, ईश्वर टहलयानी, हेमंत जोधा, नितिन जैन, परवेज खान, चंदू पालीवाल, मनोज शर्मा, गीता गुर्जर, अनीता रावत, सुमित मित्तल, मुख्तार अहमद नवाब, चंद्रशेखर बालोटिया, डॉ. ईश्वर राजोरिया, आरिफ खान, मुकेश पंवार, योगेश जाटोलिया, कशिश बायला, हरिप्रसाद जाटव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन संगठन को मजबूत करने और जनहित के लिए निरंतर संघर्ष करने के संकल्प के साथ हुआ।
