थांवला। गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत बुधवार को थांवला स्थित थानेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करवाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के प्रति लोगों को जागरूक किया गया और घर-घर हस्ताक्षर अभियान को गति देने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में पुष्कर-कड़ेल से आए नरेंद्र सिंह राठौड़ ने उपस्थित गौभक्तों को संबोधित करते हुए बताया कि 27 अप्रैल 2026 को ‘गौ सम्मान दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने देशभर के नागरिकों और गौ प्रेमियों से अपील की कि वे इस दिन तहसील, ब्लॉक और जिला स्तर पर अधिकारियों के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन प्रस्तुत करें।
गौरक्षा दल थांवला के अध्यक्ष शैलेन्द्र उपाध्याय ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य संविधान के दायरे में रहते हुए अहिंसक तरीके से भारतीय देशी गोवंश को राष्ट्रीय सम्मान दिलाना है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के लिए 9067777323 नंबर पर मिस कॉल के माध्यम से समर्थन लिया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान अभियान को व्यापक बनाने के लिए घर-घर हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिससे आमजन की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके। इस अवसर पर नरेंद्र सिंह राठौड़, शैलेन्द्र उपाध्याय, रोहिताश सिंह, परमेश्वर वैष्णव, शेखर सारस्वत, नानूराम कुमावत, दिनेश गहलोत और अनिल वैष्णव सहित कई गौभक्त उपस्थित रहे।
