थांवला। गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत सोमवार को बाड़ी घाटी टोल प्लाजा पर ‘गौ सम्मान दिवस’ का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। उमेश कुमार एंड कंपनी के सानिध्य में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को गौ माता के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यावरणीय महत्व से अवगत कराना तथा उन्हें गौ संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान टोल प्लाजा से गुजरने वाले वाहन चालकों एवं राहगीरों को जागरूकता पत्रक वितरित किए गए। अभियान से जुड़े प्रतिनिधियों ने लोगों से संवाद करते हुए गायों को ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा देने की मांग का समर्थन करने और इस राष्ट्रव्यापी जनजागरण अभियान से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ माता का विशेष स्थान है और उनके संरक्षण एवं संवर्धन के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आना चाहिए।
आयोजकों ने बताया कि गौ संरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, जैविक खेती और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से भी जुड़ा हुआ है। इसलिए अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़कर जनसमर्थन जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर बाड़ी घाटी टोल प्लाजा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम में मैनेजर हरीश गर्ग, प्रोजेक्ट मैनेजर रूपेंद्र अवस्थी, जनरल मैनेजर हरपाल सिंह यादव, सुपरवाइजर लक्ष्मणराम, जब्बार खान, सरवन रावत, मिट्ठू सिंह, विजय सिंह, खेमचंद, दीपक वैष्णव सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने राहगीरों को अभियान की जानकारी देकर गौ संरक्षण के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।
– नितिन सिंह
