मेड़ता सिटी। शहर के भूरियासनी रोड स्थित माहेश्वरी पब्लिक स्कूल (एमपीएस) ने एक बार फिर उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करते हुए सीबीएसई कक्षा 10 बोर्ड परीक्षा 2025-26 में शत-प्रतिशत परिणाम हासिल किया। इस शानदार उपलब्धि के उपलक्ष्य में बुधवार को विद्यालय परिसर में भव्य विद्यार्थी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें मेधावी विद्यार्थियों का अभिनंदन किया गया।
समारोह के दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्या शिल्पी खंडेलवाल ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि “विद्यार्थियों की मेहनत को सही राह और प्रोत्साहन मिल जाए तो उनका हौसला और भी बढ़ जाता है। सफलता केवल अंकों से नहीं, बल्कि निरंतर प्रयास और सकारात्मक सोच से मिलती है।” उन्होंने सभी छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
प्रधानाचार्या खंडेलवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई), नई दिल्ली द्वारा घोषित परीक्षा परिणाम में विद्यालय का प्रदर्शन शानदार रहा। कक्षा 10 के छात्र अमित ने 96.2% अंक प्राप्त कर पूरे मेड़ता क्षेत्र में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं अनमोल भूतड़ा ने 92.8% अंकों के साथ द्वितीय स्थान तथा संस्कार चौधरी ने 92.6% अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
विद्यालय के कुल 63 विद्यार्थियों में से 51 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में सफलता प्राप्त की, जो विद्यालय की उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा और शिक्षकों की मेहनत को दर्शाता है। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षण संस्थान से जुड़े सभी पदाधिकारियों ने छात्रों की उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया।
समारोह में महेश शिक्षण संस्थान के संरक्षक भंवरलाल बजाज, मंत्री जुगलकिशोर मंत्री, श्रीगोपाल मंत्री, अध्यक्ष दामोदरलाल गट्टाणी, उपाध्यक्ष ओमप्रकाश चंडक, सचिव प्रकाश बिरला, शैक्षणिक सचिव किशन गोपाल लाहोटी, प्रधानाचार्या शिल्पी खंडेलवाल एवं उपप्रधानाचार्य सुरेन्द्र कुमार डालिया सहित विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, अभिभावक एवं समस्त अध्यापकगण उपस्थित रहे।
सभी अतिथियों ने मेधावी विद्यार्थियों को माला पहनाकर सम्मानित किया, मिठाई खिलाई और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। समारोह का माहौल उत्साह और गर्व से भरपूर रहा, जहां छात्रों की मेहनत और सफलता को खुले दिल से सराहा गया।
विद्यालय प्रबंधन ने इस उपलब्धि को टीम वर्क, अनुशासन और निरंतर प्रयास का परिणाम बताते हुए आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट परिणाम देने का संकल्प दोहराया। यह सफलता न केवल विद्यार्थियों के लिए, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बनी हुई है।
