संवाददाता/रक्षा चौहान
पादूकलां। अजमेर-बीकानेर नेशनल हाईवे-58 पर पादूकलां पुलिस थाने से महज 10 कदम दूर रियांबड़ी तिराहे के पास सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में बारिश का पानी भर जाने से गंभीर दुर्घटना का खतरा मंडरा रहा है। जलभराव के कारण हाईवे का दाहिना हिस्सा करीब 10 फीट तक प्रभावित हो गया है, जिससे अजमेर की ओर जाने वाले वाहनों को अचानक दूसरी लेन में जाना पड़ रहा है। ऐसे में सामने से आने वाले वाहनों से आमने-सामने की टक्कर की आशंका लगातार बनी हुई है।
यह राष्ट्रीय राजमार्ग क्षेत्र का प्रमुख मार्ग है, जहां से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। बारिश के बाद बने इस जलभराव ने वाहन चालकों की परेशानी बढ़ा दी है। विशेषकर रात के समय गड्ढा दिखाई नहीं देने से हादसे का खतरा और अधिक बढ़ जाता है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि टोल टैक्स की नियमित वसूली के बावजूद सड़क की मरम्मत और जल निकासी जैसी मूलभूत समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। उनका आरोप है कि कई दिनों से जलभराव की स्थिति बनी हुई है, लेकिन संबंधित एजेंसी ने अब तक गड्ढे की मरम्मत या पानी निकासी के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया है।
पादूकलां थानाधिकारी राजेश कुमार ने नाकाबंदी के दौरान मौके का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि जलभराव के कारण दुर्घटना की आशंका गंभीर है। इस संबंध में नेशनल हाईवे अथॉरिटी को भी सूचना देकर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है। उनका कहना है कि यदि जल्द गड्ढा भरकर जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो कभी भी बड़ा सड़क हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों और वाहन चालकों ने नेशनल हाईवे अथॉरिटी से मांग की है कि गड्ढे की तत्काल मरम्मत कराई जाए, जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और रिफ्लेक्टर जैसी सुरक्षा व्यवस्थाएं लगाई जाएं। लोगों का कहना है कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो यह जलभराव किसी बड़ी जनहानि का कारण बन सकता है। सड़क सुरक्षा के लिहाज से प्रशासन और संबंधित एजेंसी की त्वरित कार्रवाई अब बेहद जरूरी हो गई है।
