मेड़ता सिटी। शहर के सिविल लाइन स्थित प्रेस क्लब कार्यालय में सोमवार को पत्रकार जगत से जुड़े लोगों की उपस्थिति में अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में हाल ही में प्रदेश स्तरीय पत्रकार संगठन जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ राजस्थान (जार) के नवनियुक्त नागौर जिलाध्यक्ष सुशील दिवाकर का गर्मजोशी के साथ स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारों, सामाजिक प्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। इस दौरान प्रेस क्लब के संरक्षक वीरेंद्र वर्मा, पुखराज टाक एवं संदीप बोहरा ने कहा कि जार प्रदेश का पुराना, प्रतिष्ठित और सक्रिय पत्रकार संगठन है, जिसने हमेशा पत्रकारों के अधिकारों और समस्याओं को मजबूती से उठाया है। उन्होंने कहा कि मेड़ता सिटी के युवा और ऊर्जावान पत्रकार सुशील दिवाकर को नागौर जिलाध्यक्ष जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।

वक्ताओं ने विश्वास जताया कि सुशील दिवाकर अपने अनुभव, कार्यशैली और सक्रियता के बल पर जिलेभर के पत्रकारों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाएंगे तथा पत्रकार हितों की रक्षा के लिए मजबूत भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता अनेक चुनौतियों से गुजर रही है और ऐसे में मजबूत संगठन की आवश्यकता पहले से अधिक महसूस की जा रही है।
प्रेस क्लब अध्यक्ष नंदू श्रीमंत्री, सचिव मोहन महेरिया एवं कोषाध्यक्ष एम टेलर ने अपने संबोधन में कहा कि युवा पत्रकारों को संगठन में नेतृत्व की जिम्मेदारी मिलना पत्रकारिता जगत के लिए सकारात्मक संकेत है। उन्होंने कहा कि सुशील दिवाकर के नेतृत्व में जिले के पत्रकारों को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी। साथ ही पत्रकारों की आवाज अब केवल जिला स्तर तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि प्रदेश स्तर पर भी मजबूती से उठाई जाएगी।
अपने अभिनंदन के दौरान नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सुशील दिवाकर ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन को मजबूत बनाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में नागौर जिले के प्रत्येक क्षेत्र में जाकर पत्रकार साथियों को संगठन से जोड़ा जाएगा और पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और उनकी सुरक्षा, सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा करना बेहद जरूरी है। संगठन पत्रकारों के हितों के लिए सदैव संघर्षरत रहेगा तथा सभी पत्रकार साथियों को साथ लेकर संगठन को नई दिशा देने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने सुशील दिवाकर को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। समारोह में प्रेस क्लब उपाध्यक्ष सुनील पुरी, लोक अभियोजक अभिमन्यु शर्मा, जितेंद्र शर्मा, लक्ष्मी नारायण वैष्णव, सीपी पुजारी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समारोह का माहौल उत्साह और सौहार्द से भरपूर रहा।
