थांवला। नागौर जिले में अवैध बजरी खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना थांवला पुलिस ने रविवार देर रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग छह टन अवैध बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया। चालक पुलिस को देखकर वाहन छोड़कर झाड़ियों में भाग निकला, जिसकी तलाश की जा रही है। मामले की सूचना खनिज विभाग को दे दी गई है और नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नागौर आशाराम चौधरी के निर्देशन तथा वृत्ताधिकारी डेगाना अजीतपाल के सुपरविजन में थाना थांवला के थानाधिकारी अशोक कुमार झाझड़िया के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस टीम अवैध खनन गतिविधियों की रोकथाम के लिए क्षेत्र में लगातार गश्त और नाकाबंदी कर रही है।
रविवार को पुलिस टीम कोडिया मोड़ पर गश्त और नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान लूणी नदी क्षेत्र की ओर से बजरी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली टेहला की दिशा में आती दिखाई दी। वाहन की गतिविधि संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने चालक को रुकने का इशारा किया। पुलिस की सरकारी गाड़ी देखते ही चालक घबरा गया और ट्रैक्टर-ट्रॉली को सड़क किनारे खड़ा कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए झाड़ियों में भाग निकला।
पुलिस टीम ने तुरंत उसका पीछा किया, लेकिन वह हाथ नहीं लग सका। इसके बाद पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को अपने कब्जे में लेकर थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा करवाया। प्रारंभिक जांच में ट्रॉली में करीब छह टन बजरी भरी हुई मिली, जिसके संबंध में चालक कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने इसे अवैध बजरी मानते हुए खनिज विभाग को सूचित कर दिया।
थानाधिकारी अशोक कुमार झाझड़िया ने बताया कि अवैध खनन और परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस और खनिज विभाग संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रहे हैं तथा फरार चालक की पहचान कर उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में थानाधिकारी अशोक कुमार झाझड़िया, पुलिसकर्मी रामदयाल, चालक मनीष, श्यामलाल तथा थाना थांवला की अन्य पुलिस टीम का विशेष योगदान रहा। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध बजरी कारोबार में लगे लोगों में हड़कंप मच गया है।
