डेगाना (नागौर)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को नागौर जिले के डेगाना क्षेत्र के तिलानेश गांव में आयोजित ग्राम विकास चौपाल में भाग लेकर राजीविका से जुड़ी महिलाओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं की भूमिका को समाज और राष्ट्र के विकास का प्रमुख आधार बताते हुए कहा कि महिलाओं का आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक सशक्तिकरण ही वास्तविक प्रगति की पहचान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने राजीविका से जुड़ी महिलाओं की सराहना करते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं न केवल अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं, बल्कि परिवार और समाज के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।

ग्राम विकास चौपाल के दौरान मुख्यमंत्री ने महिलाओं की समस्याएं सुनीं और सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास करना और अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
इस अवसर पर जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैया लाल चौधरी, महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री मंजू बाघमार, राज्य किसान आयोग के अध्यक्ष सी.आर. चौधरी, देवस्थान बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश भड़ाना, विधायक अजय सिंह किलक, विधायक लक्ष्मण कलरू, विधायक रेवंतराम डांगा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में राजीविका से जुड़ी महिलाओं और ग्रामीणों ने भाग लिया। महिलाओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए अपने अनुभव साझा किए। ग्राम विकास चौपाल के माध्यम से सरकार और ग्रामीणों के बीच सीधा संवाद स्थापित हुआ, जिससे विभिन्न विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और स्थानीय समस्याओं के समाधान पर भी चर्चा की गई।
