थांवला। आगामी ईद-उल-जुहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं कानून व्यवस्था के तहत संपन्न कराने के उद्देश्य से स्थानीय पुलिस थाने में सीएलजी (कम्युनिटी लायजन ग्रुप) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता रियांबड़ी तहसीलदार अशोक कुमार ने की। बैठक में कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए सीएलजी सदस्यों, जनप्रतिनिधियों तथा दोनों समुदायों के प्रबुद्ध नागरिकों ने भाग लेकर आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता बनाए रखने पर जोर दिया।
बैठक के दौरान तहसीलदार अशोक कुमार ने उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि ईद-उल-जुहा का त्योहार पारंपरिक हर्षोल्लास, शांति और भाईचारे के साथ मनाया जाए। उन्होंने कहा कि सभी नागरिक प्रशासन और पुलिस का सहयोग करें ताकि त्योहार के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। उन्होंने विशेष रूप से सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए लोगों को जागरूक रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली किसी भी भ्रामक, भड़काऊ अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही उन्हें आगे साझा करें।
तहसीलदार ने कहा कि यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, असामाजिक तत्व या कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली सूचना मिले तो उसकी जानकारी तुरंत पुलिस प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान आपसी सहयोग और सतर्कता से ही शांति व्यवस्था कायम रखी जा सकती है।
बैठक में उपस्थित सीएलजी सदस्यों और नागरिकों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया तथा त्योहार को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का संकल्प व्यक्त किया। बैठक में कानून व्यवस्था, यातायात व्यवस्था, बाजार क्षेत्र में सुरक्षा और धार्मिक स्थलों के आसपास आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर भी चर्चा की गई।
इस दौरान महेंद्र सिंह हेड कांस्टेबल, रामकिशोर झींझा, ओम प्रकाश बिशु, एडवोकेट किशोर कुमावत, बीरमा राम लारणा, रामकिशोर चौयल, अनिल कुमावत सहित अनेक सीएलजी सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
