संवाददाता| राकेश सैन
रियांबड़ी क्षेत्र के निकटवर्ती ग्राम सुरियास में आयोजित तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन “नानी बाई का मायरा एवं बहन-बेटी स्नेह मिलन समारोह” का श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ भव्य समापन हुआ। आयोजन में आसपास के गांवों सहित दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर धर्म लाभ प्राप्त किया। पूरे गांव में धार्मिक वातावरण बना रहा और कथा स्थल भक्तिमय माहौल से गूंजता रहा।
कार्यक्रम में जोधपुर से पधारे कथावाचक श्री उमाशंकर जी महाराज (ठाकुरजी महाराज) ने अपने मुखारविंद से नानी बाई का मायरा कथा का भावपूर्ण वाचन किया। कथा के दौरान उन्होंने भगवान भक्ति, मातृशक्ति के सम्मान, सामाजिक संस्कारों और पारिवारिक मूल्यों पर प्रकाश डाला। कथा में प्रस्तुत भक्तिमय भजनों एवं प्रसंगों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। महिला श्रद्धालुओं ने मंगल गीत गाकर वातावरण को और अधिक भक्तिमय बना दिया, वहीं श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में लीन नजर आए।
समारोह के अंतर्गत बहन-बेटी स्नेह मिलन समारोह का भी आयोजन किया गया, जिसमें समाज में महिला सम्मान, सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना भीलवाड़ा की महिला जिला अध्यक्ष कल्पना राठौड़ शाहपुरा को ग्रामवासियों की ओर से सम्मानित किया गया। उन्होंने मातृशक्ति को सामाजिक जागरूकता एवं संस्कारों का संदेश देते हुए महिलाओं की भूमिका को समाज की शक्ति बताया।
आयोजन समिति एवं ग्रामवासियों द्वारा बाहर से पधारे संत-महात्माओं और अतिथियों का साफा एवं माल्यार्पण कर स्वागत-सम्मान किया गया। आयोजन को सफल बनाने में दीपेंद्र सिंह, विक्रम सिंह, सोनू सिंह, धन सिंह भाटी, भरत सिंह, छोटू सिंह, महेंद्र सिंह तथा क्षेत्रीय युवा नेता राजस्थान डूंगर सिंह गौड़ सहित समस्त ग्रामवासियों ने सेवा भाव से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। श्रद्धालुओं की व्यवस्था, प्रसादी वितरण एवं कथा आयोजन की सभी व्यवस्थाओं में ग्रामीणों का विशेष सहयोग देखने को मिला। आयोजन के समापन पर श्रद्धालुओं ने धार्मिक आयोजन को ऐतिहासिक और प्रेरणादायी बताया।
