थांवला। राजस्थान ग्राम विकास अधिकारी संघ जयपुर की उपशाखा भेरूंदा, जिला नागौर की नई कार्यकारिणी का गठन शुक्रवार को निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद घोषित कर दिया गया। निर्वाचन प्रक्रिया 16 मई 2026 को निर्वाचन अधिकारी एवं पर्यवेक्षक की देखरेख में शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई। नई कार्यकारिणी के गठन के बाद ग्राम विकास अधिकारियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला तथा सभी पदाधिकारियों का स्वागत किया गया।
घोषित परिणामों के अनुसार दुर्गाप्रसाद सेवदा को संघ का अध्यक्ष चुना गया है। वहीं सुरेश कुमार मीणा को उपाध्यक्ष तथा अभिषेक गैना को मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा नरपत सिंह राजपुरोहित को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। सक्रिय सदस्य के रूप में रमेश कुमार एवं रामलाल को जिम्मेदारी दी गई, जबकि मुकेश खिड़िया को मीडिया प्रभारी बनाया गया है।

निर्वाचन घोषणा पत्र पर निर्वाचन अधिकारी एवं पर्यवेक्षक अधिकारियों के हस्ताक्षर भी किए गए। पूरी निर्वाचन प्रक्रिया संगठनात्मक अनुशासन और आपसी सहमति के साथ संपन्न हुई। कार्यकारिणी घोषित होने के बाद सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को साथियों ने बधाई दी तथा संगठन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने कहा कि वे ग्राम विकास अधिकारियों की समस्याओं के समाधान, विभागीय हितों की रक्षा तथा संगठन को मजबूत बनाने के लिए मिलकर कार्य करेंगे। उन्होंने कर्मचारियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का भरोसा भी दिलाया। पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन की एकता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है और सभी सदस्य मिलकर संघ को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर ग्राम विकास अधिकारी स्नेह कंवर शेखावत, अशोक कुमार, चेना राम भाटी, महेश दायमा, महेंद्र कुमार एवं दिनेश कुमार सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान आपसी सौहार्द और उत्साह का माहौल बना रहा। नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर क्षेत्र के ग्राम विकास अधिकारियों में खुशी देखी गई तथा सभी ने संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
– नितिन सिंह
