नोएडा। घरेलू उपकरणों के क्षेत्र की दिग्गज कंपनी LG Electronics India� ने भारतीय बाजार में बड़ा दांव खेलते हुए वर्ष 2026 के लिए अपना फ्यूचर-रेडी होम अप्लायंसेज पोर्टफोलियो लॉन्च कर दिया है। नोएडा में आयोजित भव्य कार्यक्रम के दौरान कंपनी ने अपनी लोकप्रिय ‘एसेंशियल सीरीज’ का विस्तार करते हुए एआई तकनीक से लैस प्रीमियम वॉशिंग मशीन, अत्याधुनिक फ्रेंच डोर रेफ्रिजरेटर और स्मार्ट किचन अप्लायंसेज की नई रेंज पेश की।
कंपनी का यह नया पोर्टफोलियो केवल प्रीमियम ग्राहकों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि मध्यम वर्गीय परिवारों को भी आधुनिक तकनीक से जोड़ने की रणनीति के तहत किफायती-प्रीमियम श्रेणी में उतारा गया है। एलजी का दावा है कि ये नए उत्पाद भारतीय घरों की जरूरतों और बदलती लाइफस्टाइल को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं।
‘मेक इन इंडिया’ से ‘मेक इंडिया ग्लोबल’ तक
एलजी इंडिया ने इस अवसर पर बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि भारत अब केवल बिक्री का बाजार नहीं, बल्कि कंपनी के लिए वैश्विक उत्पादन और नवाचार का प्रमुख केंद्र बन चुका है। नोएडा और पुणे स्थित कारखानों में तैयार किए जा रहे इन उत्पादों को वर्ष 2026 तक एशिया, मध्य पूर्व और अफ्रीका के 22 देशों में निर्यात किया जाएगा।
कंपनी के प्रबंध निदेशक Hong Ju Jeon ने कहा कि एलजी का उद्देश्य भारतीय उपभोक्ताओं को ऐसी स्मार्ट तकनीक उपलब्ध कराना है जो उनकी रोजमर्रा की जिंदगी को आसान और सुविधाजनक बनाए, साथ ही वैश्विक गुणवत्ता मानकों पर भी खरी उतरे।
बिना नल वाला ‘जादुई’ फ्रिज बना आकर्षण का केंद्र
इस लॉन्च इवेंट का सबसे बड़ा आकर्षण कंपनी का नया फ्रेंच डोर रेफ्रिजरेटर रहा। एलजी ने भारत का पहला ऐसा फ्रिज पेश किया है जिसमें ऑटो आइस मेकर की सुविधा बिना किसी बाहरी नल कनेक्शन या प्लंबिंग के उपलब्ध होगी। यह तकनीक उन घरों के लिए बेहद उपयोगी मानी जा रही है जहां अतिरिक्त पाइपलाइन की सुविधा नहीं होती।
वहीं लॉन्ड्री सेगमेंट में कंपनी ने एआई डीडी 2.0 तकनीक वाली नई वॉशिंग मशीन पेश की है। यह मशीन कपड़ों के वजन और फैब्रिक की कोमलता को पहचानकर अपने आप सबसे उपयुक्त वॉशिंग मोड चुनती है। इससे कपड़ों की बेहतर सफाई के साथ उनकी गुणवत्ता भी लंबे समय तक बनी रहती है।
भारतीय रसोई को ध्यान में रखकर डिजाइन
एलजी ने भारतीय रसोई की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ‘ट्रू स्टीम’ डिशवॉशर भी लॉन्च किया है। कंपनी के अनुसार यह डिशवॉशर जिद्दी मसालों और तेल के दागों को आसानी से साफ करने में सक्षम है तथा एक बार में 92 बर्तनों तक की सफाई कर सकता है।
हर बजट के लिए तैयार नई रेंज
कंपनी ने कीमतों के मामले में भी भारतीय उपभोक्ताओं की जरूरतों का ध्यान रखा है। सेमी-ऑटोमैटिक वॉशिंग मशीन की शुरुआती कीमत 17,300 रुपये रखी गई है, जबकि वॉटर प्यूरीफायर की रेंज 16,600 रुपये से शुरू होगी। प्रीमियम ग्राहकों के लिए साइड-बाय-साइड रेफ्रिजरेटर 1.09 लाख रुपये और फ्रेंच डोर रेफ्रिजरेटर 1.18 लाख रुपये की शुरुआती कीमत पर उपलब्ध होंगे।
