थांवला। भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) में उत्कृष्ट कार्य प्रदर्शन, ग्राहकों को बेहतर सेवाएँ प्रदान करने तथा जीवन बीमा के प्रति लोगों को जागरूक करने में उल्लेखनीय योगदान के लिए लक्ष्मण राम गुर्जर को सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में उनकी कार्यनिष्ठा, ईमानदारी और सेवा भावना की सराहना करते हुए अधिकारियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
यह सम्मान LIC शाखा प्रबंधक अनिल खंडेलवाल, सहायक प्रबंधक नीरज शर्मा तथा विकास अधिकारी दिवाकर शर्मा द्वारा प्रदान किया गया। अधिकारियों ने कहा कि लक्ष्मण राम गुर्जर ने अपने समर्पित कार्य, ग्राहकों के प्रति सकारात्मक व्यवहार और निरंतर बेहतर प्रदर्शन के बल पर संस्था की प्रतिष्ठा बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके प्रयासों से क्षेत्र के अनेक परिवार भारतीय जीवन बीमा निगम की विभिन्न योजनाओं से जुड़कर आर्थिक सुरक्षा का लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
समारोह में उपस्थित अतिथियों ने भी लक्ष्मण राम गुर्जर की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया। इस अवसर पर जसाराम गुर्जर (भाजपा जिला मंत्री, ओबीसी मोर्चा, नागौर), मंगल गुर्जर, किसन चौधरी, शोभाराम माली, चौथाराम गुर्जर सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने उन्हें शुभकामनाएँ देते हुए भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद लक्ष्मण राम गुर्जर ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए नई ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि ग्राहकों का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है और वे आगे भी पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं सेवा भाव के साथ लोगों को बेहतर सेवाएँ उपलब्ध कराने का प्रयास करते रहेंगे। साथ ही उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को जीवन बीमा के महत्व से जोड़कर आर्थिक सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का संकल्प भी दोहराया।
