थांवला। ग्राम पंचायत कोड में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में शुक्रवार को विभिन्न विभागों ने आमजन की समस्याएं सुनीं और मौके पर समाधान के प्रयास किए। शिविर में सबसे अधिक भीड़ रेलवे लाइन के लिए अधिग्रहित भूमि के मुआवजा प्रकरणों को लेकर पहुंचे किसानों की रही। किसानों ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दस्तावेज सौंपते हुए लंबित मुआवजा प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने की मांग की। इसके साथ ही ग्रामीणों ने लंबे समय से बनी पेयजल समस्या का स्थायी समाधान कराने की भी मांग उठाई।
शिविर का निरीक्षण करने पहुंचे संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया और आमजन को दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि ग्रामीणों को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।
इस दौरान शिविर में ‘बेटी जन्मोत्सव’ कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। नवजात बेटियों के जन्म पर उनके परिवारों का सम्मान करते हुए केक काटा गया तथा बेटी शिक्षा, स्वास्थ्य और समान अधिकारों का संदेश दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि बेटियां समाज की शक्ति हैं और उनके सम्मान व सशक्तिकरण के लिए सभी को मिलकर कार्य करना चाहिए।
शिविर में उपखंड अधिकारी विनीत कुमार सुखाड़िया, तहसीलदार अशोक कुमार, नायब तहसीलदार प्रेम कुमार, विकास अधिकारी भंवरलाल, सहायक विकास अधिकारी सुखराम मेघवाल, ग्राम विकास अधिकारी सुमन शर्मा, कनिष्ठ सहायक टिकमचंद, ओम सिंह एवं चेनाराम, पटवारी राकेश कुमार, प्रशासक दौलतराम रावल सहित राजस्व, पंचायत राज, ग्रामीण विकास, कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक न्याय, पीएचईडी, विद्युत, वन, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, सहकारिता, श्रम, बैंक, परिवहन तथा ई-मित्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
