नागौर : 04 जुलाई 2026 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बालोतरा के पचपदरा में आयोजित एचपीसीएल रिफाइनरी के उद्घाटन एवं विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं राष्ट्र को समर्पण कार्यक्रम का नागौर जिले में सीधा प्रसारण किया गया। साथ ही कार्यक्रम का जिले के सभी ब्लॉक मुख्यालयों एवं ग्राम पंचायतों में भी सजीव प्रसारण किया गया।

टाउन हॉल में हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम
नागौर जिला मुख्यालय स्थित टाउन हॉल में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम में जिले के जनप्रतिनिधियों, जिला स्तरीय अधिकारियों, कर्मचारियों, नवचयनित अभ्यर्थियों तथा बड़ी संख्या में आमजन ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना।
जिला कलक्टर देवेंद्र कुमार ने हरित सम्मान प्रदान कर मुख्य अतिथि गजेंद्र सिंह खींवसर का अभिनंदन किया। भाजपा जिला अध्यक्ष रामधन पोटलिया का मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद रणजीत ने स्वागत किया, जबकि पूर्व विधायक मोहनराम चौधरी का उपखंड अधिकारी गोविंद सिंह भींचर ने हरित सम्मान देकर अभिनंदन किया।
2,047 नवचयनित अभ्यर्थियों को मिले नियुक्ति पत्र
जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान नागौर जिले के विभिन्न विभागों में चयनित कुल 2,047 नवचयनित युवक-युवतियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इनमें मुख्य रूप से शिक्षा विभाग, विद्युत विभाग, लिपिक, गणेश सहायक तथा ग्राम विकास अधिकारी पदों पर चयनित अभ्यर्थी शामिल रहे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि गजेंद्र सिंह खींवसर, जिला कलक्टर देवेंद्र कुमार सहित मंचासीन अतिथियों ने 10 नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति किट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
प्रधानमंत्री ने खेजड़ी लगाने को कहा
अपने उद्बोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागौर की गौरवशाली पहचान माने जाने वाले खेजड़ी वृक्ष के पर्यावरणीय एवं सांस्कृतिक महत्व का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का आह्वान करते हुए अधिकाधिक पौधरोपण करने का संदेश दिया तथा स्वयं खेजड़ी का पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनभागीदारी का संदेश दिया।
खींवसर ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में योगदान का दिया संदेश
मुख्य अतिथि गजेंद्र सिंह खींवसर ने अपने संबोधन में नवचयनित युवाओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश एवं देश के विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में राजस्थान को विकास की अनेक सौगातें मिली हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सौर ऊर्जा की अपार संभावनाओं को देखते हुए आने वाले समय में बड़ी संख्या में सोलर प्लांट स्थापित होंगे, जिससे राजस्थान देश का अग्रणी ऊर्जा प्रदेश बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने राजस्थान की पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया है तथा जयपुर मेट्रो जैसी महत्वपूर्ण परियोजना भी प्रदेश को उनकी ही देन है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने राजस्थान के विकास एवं आधारभूत संरचना के विस्तार के लिए अब तक का सर्वाधिक बजट उपलब्ध कराया है, जिससे प्रदेश के विकास को नई गति मिली है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बढ़ते आर्थिक सूचकांकों के साथ राजस्थान का भविष्य अत्यंत उज्ज्वल है। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने अपने कार्यकाल में सर्वाधिक सरकारी भर्तियां कर युवाओं को रोजगार के व्यापक अवसर उपलब्ध कराए हैं।
कार्यक्रम गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर पूर्व विधायक मोहनराम चौधरी, भाजपा जिला अध्यक्ष रामधन पोटलिया, प्रदेश कार्य समिति सदस्य रामनिवास सांखला, रमाकांत शर्मा, जिला महामंत्री पदमचंद सारस्वत, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी महावीर सिंह सान्दु, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रणजीत, उपखंड अधिकारी गोविंद सिंह भींचर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी, नव नियुक्ति पत्र पाने वाले युवक / युवतियां तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
