थांवला कस्बे के किसान चौराहे स्थित भाजपा कार्यालय में भाजपा मंडल कार्यकर्ताओं की ओर से रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” का सामूहिक श्रवण किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री द्वारा देशहित, समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण, नवाचार, युवाओं की भागीदारी और आत्मनिर्भर भारत जैसे विभिन्न विषयों पर रखे गए विचारों को ध्यानपूर्वक सुना।

कार्यक्रम के बाद कार्यकर्ताओं ने कहा कि “मन की बात” केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशवासियों को सकारात्मक सोच और जनभागीदारी के लिए प्रेरित करने का प्रभावी माध्यम बन चुका है। प्रधानमंत्री द्वारा समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों की प्रेरणादायक कहानियों का उल्लेख युवाओं और आमजन के लिए प्रेरणा का स्रोत है।इस अवसर पर उपस्थित महामंत्री जसाराम गुर्जर और संयोजक दीपक सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाना और उन्हें अपने जीवन में अपनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जल बचाओ, लोकल उत्पादों को बढ़ावा देने और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में अधिक से अधिक भागीदारी का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती, राष्ट्र निर्माण में जनसहभागिता तथा समाज हित के कार्यों को आगे बढ़ाने पर भी चर्चा की। सभी ने प्रधानमंत्री के संदेशों को जनकल्याणकारी बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस मौके पर भाजपा के स्थानीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ कार्यकर्ता, युवा मोर्चा के सदस्य तथा बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित एवं जनसेवा के संकल्प के साथ किया गया।
– नितिन सिंह
