थांवला। थाना क्षेत्र के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार शाम ट्रैक्टर और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई, जबकि मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम गुढ़ा निवासी सांवरमल प्रजापत (पुत्र विश्रामलाल प्रजापत) गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे बाइक से थांवला से अपने गांव गुढ़ा जगमालोता लौट रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे पर शंकरजी की बाड़ी होटल के पास सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सांवरमल गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों और राहगीरों ने मानवता का परिचय देते हुए गंभीर घायल को निजी वाहन से तत्काल थांवला के राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही थांवला पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। इसके बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पुलिस थाना थांवला के हेड कांस्टेबल विक्रम सिंह पुलिस जाब्ते के साथ अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। शुक्रवार सुबह डॉ. प्रकाश चौधरी ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सुपुर्द किया।
थांवला पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना ट्रैक्टर और बाइक की आमने-सामने की टक्कर से हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
