थांवला। कस्बे में आयोजित कुमावत प्रीमियर लीग (केपीएल) का फाइनल मुकाबला रोमांच और उत्साह के बीच संपन्न हुआ, जिसमें रेनीवाल रॉयल्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए थांवला योद्धा को 8 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। यह प्रतियोगिता केवल खेल आयोजन नहीं थी, बल्कि एक भावनात्मक पहल भी थी। करीब बीस वर्ष पूर्व एक लाइलाज बीमारी के कारण असमय दुनिया छोड़ चुकी अपनी मां की पावन स्मृति में दो बेटों ने अपने पिता की मौजूदगी में इस भव्य नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन करवाया, जिसकी क्षेत्रभर में सराहना हो रही है।
फाइनल मुकाबले में रेनीवाल रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए थांवला योद्धा की टीम ने निर्धारित 12 ओवरों में 95 रन बनाए। टीम की ओर से मुकेश कुमावत ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मात्र 19 गेंदों में 48 रन ठोक दिए। उनकी विस्फोटक पारी की बदौलत टीम सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचने में सफल रही।
96 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रेनीवाल रॉयल्स की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। सलामी बल्लेबाजों ने शुरू से ही विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। मुकेश ने 21 गेंदों में 29 रन तथा उज्ज्वल चौधरी ने केवल 11 गेंदों में 33 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों की शानदार बल्लेबाजी के दम पर रेनीवाल रॉयल्स ने लक्ष्य को मात्र 10 ओवरों में हासिल कर 8 विकेट से एकतरफा जीत दर्ज कर ली।
फाइनल मुकाबले में बल्ले और गेंद दोनों से बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले विकास सिंघाड़िया को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। उन्होंने 26 रन बनाने के साथ 2 महत्वपूर्ण विकेट भी हासिल किए। वहीं पूरे टूर्नामेंट में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करने वाले मुकेश कुमावत को ‘मैन ऑफ द टूर्नामेंट’ का पुरस्कार प्रदान किया गया। मुकेश ने प्रतियोगिता के दौरान 308 रन बनाने के साथ 8 विकेट भी अपने नाम किए।
प्रतियोगिता में कुल 8 टीमों ने भाग लिया और 16 रोमांचक मुकाबले खेले गए। रात की दुधिया रोशनी में खेले गए मैचों ने दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा। टूर्नामेंट के दौरान प्रसिद्ध कमेंटेटर महावीर सिंह चिंटू ने अपनी दमदार और आकर्षक कमेंट्री से माहौल को और भी जीवंत बना दिया। आयोजन की सफलता और खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की खेल प्रेमियों एवं ग्रामीणों ने जमकर सराहना की।
